-कर्पूरी ग्राम स्टेशन पर अब रुकेगी बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, वर्षों पुरानी मांग पूरी
मुजफ्फरपुर।समस्तीपुर रेल मंडल के कर्पूरी ग्राम स्टेशन पर अब दरभंगा-नयी दिल्ली-दरभंगा बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का ठहराव होगा। पूर्व मध्य रेल ने रेल यात्रियों की सुविधा और जनहित को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 12565/12566 के कर्पूरी ग्राम स्टेशन पर दो मिनट के ठहराव की मंजूरी दी है। ट्रेन के ठहराव से स्थानीय यात्रियों और दैनिक सफर करने वाले लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है।
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि यात्रियों की मांग और उनकी सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था लागू की जा रही है। अब कर्पूरी ग्राम और आसपास के क्षेत्र के लोगों को बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस पकड़ने के लिए अनावश्यक रूप से समस्तीपुर जंक्शन नहीं जाना पड़ेगा।

दरभंगा से नयी दिल्ली जाने वाली गाड़ी संख्या 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस 19 अगस्त से कर्पूरी ग्राम स्टेशन पर सुबह 9:41 बजे पहुंचेगी। यहां दो मिनट रुकने के बाद ट्रेन सुबह 9:43 बजे नयी दिल्ली के लिए रवाना होगी।
वहीं, नयी दिल्ली से दरभंगा आने वाली गाड़ी संख्या 12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस 20 अगस्त से कर्पूरी ग्राम स्टेशन पर सुबह 7:33 बजे पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद सुबह 7:35 बजे दरभंगा के लिए रवाना होगी।
कर्पूरी ग्राम स्टेशन पर बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के ठहराव से स्थानीय ग्रामीणों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और दिल्ली की यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। ट्रेन पकड़ने के लिए दूसरे स्टेशन तक जाने में लगने वाला अतिरिक्त समय और खर्च भी बचेगा। रेल प्रशासन के इस फैसले से क्षेत्र के लोगों में खुशी है और यात्रियों ने ठहराव की सुविधा शुरू किए जाने का स्वागत किया है।












