Advertisement

एनटीपीसी कांटी में स्टेज-I की चिमनी का सुरक्षित ध्वस्तीकरण

-एनटीपीसी कांटी में स्टेज-I की चिमनी का सुरक्षित ध्वस्तीकरण

-बिना किसी नुकसान के पूरा हुआ अभियान

मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी स्थित एनटीपीसी परियोजना में बंद पड़े स्टेज-I संयंत्र से जुड़ी चिमनी का शनिवार दोपहर सुरक्षित एवं नियंत्रित तरीके से सफलतापूर्वक ध्वस्तीकरण किया गया। यह कार्रवाई दोपहर करीब 1 बजे विशेषज्ञों की निगरानी में सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए संपन्न हुई।
एनटीपीसी प्रबंधन के अनुसार, स्टेज-I संयंत्र लंबे समय से बंद था और उससे जुड़ी पुरानी एवं अनुपयोगी मशीनरी तथा संरचनाओं को चरणबद्ध तरीके से हटाने का कार्य चल रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत स्टेज-I की चिमनी को ध्वस्त किया गया, जिसे निष्कासन अभियान का एक महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है।


ध्वस्तीकरण कार्य शुरू करने से पहले सभी संबंधित विभागों एवं सक्षम प्राधिकारियों से आवश्यक वैधानिक अनुमतियां प्राप्त की गईं। साथ ही विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार कर उसका सख्ती से पालन सुनिश्चित किया गया। पूरे अभियान के दौरान विशेषज्ञ एजेंसियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मौके पर मौजूद रही और प्रत्येक गतिविधि की लगातार निगरानी करती रही।
परियोजना क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों तथा परियोजना की परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए। नियंत्रित तकनीक के माध्यम से चिमनी को योजनानुसार सुरक्षित ढंग से गिराया गया।
एनटीपीसी कांटी प्रबंधन ने बताया कि ध्वस्तीकरण का पूरा कार्य बिना किसी दुर्घटना, जनहानि, चोट, पर्यावरणीय क्षति अथवा संपत्ति के नुकसान के सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रबंधन के अनुसार, बंद पड़े संयंत्र की पुरानी संरचनाओं को हटाने की प्रक्रिया आगे भी चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगी।