-उत्तर बिहार में 28 अक्टूबर के बाद बारिश के आसार
-तापमान में गिरावट से बढ़ेगी ठंड
-पूसा कृषि विश्वविद्यालय ने जारी किया मौसम पूर्वानुमान
-किसानों को पकी फसल सुरक्षित रखने की सलाह
मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार के जिलों में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, फिलहाल मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। वहीं, 28 अक्टूबर के बाद उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से सुबह और रात में ठंड का एहसास बढ़ने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, नए कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से महीने के अंत में बारिश के अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं। समस्तीपुर और बेगूसराय में 27 और 28 अक्टूबर को आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने का अनुमान है। इसके बाद कुछ इलाकों में वर्षा हो सकती है।

पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 29 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 70 से 85 प्रतिशत और दोपहर में 33 से 40 प्रतिशत रहने की संभावना है। इस दौरान पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिशा से 4 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। सुबह हल्की धुंध और ओस का भी एहसास हो सकता है।
संभावित बारिश को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खरीफ फसलों की कटाई और मड़ाई के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसानों से कहा गया है कि पकी हुई फसलों को जल्द सुरक्षित स्थान पर रखें और कटे हुए अनाज का समय पर भंडारण करें, ताकि बारिश होने पर फसल को नुकसान से बचाया जा सके।












