-आरसीसी पुलिया में दरार, किनारों में धंसने से हादसे की आशंका
मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक। प्रखण्ड के हत्था पंचायत के चांदपुरा गांव में शनिवार दोपहर एक आरसीसी पुलिया में अचानक दरार आ जाने एवं किनारों में गहरा धंसान हो गया। पुलिया के दोनों किनारे धंस जाने के कारण यहां वाहनों का परिचालन बेहद खतरनाक हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीण रामअधारी ठाकुर, सच्चिदानंद ठाकुर समेत अन्य लोगों ने बताया कि अत्यधिक गर्मी और जमीन में सूखे जैसी स्थिति के कारण पुलिया की ढलाई में सड़क के इस पार से उस पार तक लंबी दरार पड़ गई है। लगातार वाहनों के आवागमन से स्थिति और गंभीर हो गई है तथा पुलिया के किनारे भी धंस गए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की हालत काफी जर्जर हो चुकी है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद अब तक संबंधित विभाग की ओर से कोई पहल नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं विभागीय अधिकारियों से अविलंब जांच कर पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।











