-आम्रपाली ज्वेलर्स लूटकांड में बड़ा खुलासा, गलाया हुआ सोना, पिस्टल और कारतूस बरामद, नई वारदात की थी तैयारी
मुजफ्फरपुर: कांटी थाना क्षेत्र के चर्चित आम्रपाली ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गिरोह के तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से करीब पांच लाख रुपये मूल्य का गलाया हुआ सोना, भारी मात्रा में लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, एक देसी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, एक बाइक और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि गिरोह किसी अन्य बड़े ज्वेलरी शोरूम में डकैती की तैयारी कर रहा था।
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर डीएसपी सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) लगातार कार्रवाई कर रहा है। इससे पहले इसी मामले में 29.5 लाख रुपये की लूटी गई ज्वेलरी के साथ चार अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब की गई कार्रवाई में गिरोह के नेटवर्क और लूट के माल को ठिकाने लगाने के तरीके का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के मास्टरमाइंड मिथिलेश और अजीत ने वारदात के दौरान लाइनर की भूमिका निभाई थी, जबकि जितेंद्र ने पूरे गिरोह को हथियार उपलब्ध कराए थे। पूछताछ में यह भी पता चला कि आम्रपाली ज्वेलर्स से लूटे गए जेवर बेचकर अपराधियों ने एक स्विफ्ट डिजायर कार खरीदी थी। इसी कार का इस्तेमाल किसी दूसरी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि लूटे गए जेवर वैशाली के एक ज्वेलरी कारोबारी प्रशांत को बेचे गए थे। इसके बाद सोने को एक होलसेल व्यापारी मुकेश की दुकान पर ले जाकर गलवा दिया गया, ताकि उसकी पहचान पूरी तरह खत्म की जा सके और लूट के माल को आसानी से खपाया जा सके।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और जिला पुलिस ने देवरिया से मिथिलेश को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ तीन जिलों में डकैती और आर्म्स एक्ट के पांच गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं जितेंद्र पर साहेबगंज थाना क्षेत्र में चार आपराधिक मामले और अजीत पर धोखाधड़ी व शराब तस्करी के कई केस दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से संगठित अपराध के इस नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आने वाले दिनों में मामले में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।












