-अभियान बसेरा: मोतिहारी में भूमिहीनों को मिलेगा वास भूमि का पर्चा, डीएम ने दिए तेजी लाने के निर्देश
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
भूमिहीन परिवारों को वास भूमि उपलब्ध कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान बसेरा को लेकर शुक्रवार को मुख्यालय पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की गई। इसके बाद जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने अपर समाहर्ता पूर्वी चंपारण को अभियान में तेजी लाने और पात्र भूमिहीनों को लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में ऐसे सभी लोगों से आवेदन प्राप्त किया जाए, जिनके पास अपनी वास भूमि नहीं है। प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की लगातार समीक्षा करने का भी निर्देश दिया।

अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि अभियान बसेरा के तहत पिछले 15 अगस्त को जिले में कुल 1429 लाभुकों को भूमि का पर्चा उपलब्ध कराया गया था। प्रखंडवार इनमें रक्सौल के 53, चकिया के 219, रामगढ़वा के 78, केसरिया के 102, घोड़ासहन के 45, चिरैया के 65, ढाका के 94, पताही के 38, पकड़ीदयाल के 52, बनकटवा के 42, छौड़ादानो के 25, तेतरिया के 26, कल्याणपुर के 52, मेहसी के 66, तुरकौलिया के 44, आदापुर के 52, अरेराज के 24, बंजरिया के 57, हरसिद्धि के 26, मोतिहारी के 22, मधुबन के 52, पहाड़पुर के 32, संग्रामपुर के 37, पिपराकोठी के 49, कोटवा के 12, सुगौली के 29 और फेनहारा के 36 लाभुक शामिल हैं।
अपर समाहर्ता ने कहा कि अभियान लगातार चल रहा है और इसकी नियमित समीक्षा भी की जा रही है। अब इस कार्य को और अधिक प्राथमिकता देते हुए भूमिहीनों से आवेदन प्राप्त कर पात्र लाभुकों को वास भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिलाधिकारी के साथ अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा और उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार भी उपस्थित थे।












