-अप्पू पार्क में अत्याधुनिक ओपन जिम का शुभारंभ, डीएम कुमार गौरव ने किया उद्घाटन
मुजफ्फरपुर। समाहरणालय परिसर स्थित ऐतिहासिक अप्पू पार्क में नवनिर्मित अत्याधुनिक ओपन जिम गुरुवार को शहरवासियों के लिए औपचारिक रूप से खोल दिया गया। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने फीता काटकर ओपन जिम का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह में डीडीसी निशांत सिहारा, अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) और जिला खेल पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ओपन जिम की स्थापना का उद्देश्य शहरवासियों, खिलाड़ियों, युवाओं और आम नागरिकों को नियमित व्यायाम एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए सुलभ और निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराना है। समाहरणालय परिसर के शांत और प्राकृतिक वातावरण में स्थापित इस जिम का लाभ अलग-अलग उम्र और वर्ग के लोग उठा सकेंगे।

ओपन जिम में आधुनिक व्यायाम उपकरण लगाए गए हैं। इनका नियमित उपयोग लोगों को फिट और स्वस्थ रहने में मदद करेगा। सार्वजनिक स्थान पर यह सुविधा उपलब्ध होने से खिलाड़ियों और युवाओं को अपनी शारीरिक क्षमता एवं स्टैमिना बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। वहीं, शहर के बीच स्थित होने के कारण मॉर्निंग वॉक करने वालों और फिटनेस प्रेमियों के लिए भी यह सुविधा उपयोगी साबित होगी।
ओपन जिम का उपयोग शहर के खिलाड़ियों, आम नागरिकों के साथ-साथ समाहरणालय के पदाधिकारी और कर्मचारी निःशुल्क कर सकेंगे। जिला प्रशासन की इस पहल से लोगों में नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद है।
उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि भागदौड़ और तनाव से भरी मौजूदा जीवनशैली में शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेल विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल से तैयार यह ओपन जिम मुजफ्फरपुर में स्वस्थ, सक्रिय और फिट जीवनशैली को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।












