Advertisement

अघोषित बिजली कटौती से गायघाट त्रस्त, भीषण गर्मी में बढ़ी परेशानी

अघोषित बिजली कटौती से गायघाट त्रस्त, भीषण गर्मी में बढ़ी परेशानी

दीपक कुमार | गायघाट (मुजफ्फरपुर)

मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत बरुआरी विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में अप्रैल माह से लगातार अघोषित बिजली कटौती जारी है। भीषण गर्मी के बीच दिन-रात हो रही बिजली कटौती ने आम उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, दिन में कई बार घंटों तक बिजली गुल रहती है, जबकि रात में भी कटौती जारी रहने से बच्चों, बुजुर्गों और बीमारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इनवर्टर भी जवाब दे रहे हैं, जिससे घरों में रहना मुश्किल हो गया है।

बिजली संकट का असर केवल घरेलू जीवन तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापार, छात्रों की पढ़ाई और पेयजल आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। गर्मी के इस मौसम में पानी की किल्लत ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

ग्रामीण दिनेश गुप्ता, अखिलेश चौरसिया, केके जयसूर्या और रामनरेश ने बताया कि कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित जेई और एसडीओ फोन तक नहीं उठाते हैं, जिससे उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे बरुआरी विद्युत उपकेंद्र पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।