-सोशल मीडिया पोस्ट विवाद में भाजपा विधायक रंजन सिंह पर केस दर्ज, वायरल CCTV के बाद पुलिस एक्शन में
मुजफ्फरपुर। सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर युवक के साथ मारपीट के मामले में मुजफ्फरपुर पुलिस ने भाजपा विधायक रंजन सिंह और उनके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में मुकुंद कुमार की पत्नी की शिकायत पर विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। टाउन डीएसपी सुरेश कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई देखने को मिलेगी।
दरअसल, मामला मिठनपुरा थाना क्षेत्र का है, जहां शनिवार को भाजपा विधायक रंजन सिंह अपने समर्थकों के साथ मुकुंद कुमार के घर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मुकुंद कुमार के साथ मारपीट की गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।
विधायक रंजन सिंह ने मीडिया के सामने अपनी सफाई देते हुए कहा कि मुकुंद कुमार लगातार सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर लगाकर अमर्यादित टिप्पणी कर रहा था। इसी बात को लेकर वे उसे समझाने उसके घर गए थे। विधायक के अनुसार, बातचीत के दौरान समर्थकों और मुकुंद कुमार के बीच धक्का-मुक्की हो गईl

वहीं विधायक की ओर से भी मुकुंद कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें उस पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने रविवार को मुकुंद कुमार को गिरफ्तार भी किया था, हालांकि बाद में उसे कोर्ट से जमानत मिल गई।
लेकिन जैसे ही विधायक और उनके समर्थकों द्वारा युवक के घर जाकर मारपीट करने का सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ, मामला पूरी तरह पलट गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया और अब विधायक पक्ष पर भी केस दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस वायरल फुटेज, शिकायत और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।












