Advertisement

सोनपुर मंडल में मक्का लोडिंग बढ़ाने को लेकर व्यापारियों के साथ बैठक, सुविधाएं बढ़ाने का आश्वासन

-सोनपुर मंडल में मक्का लोडिंग बढ़ाने को लेकर व्यापारियों के साथ बैठक, सुविधाएं बढ़ाने का आश्वासन

सोनपुर, 11 अप्रैल 2026। सोनपुर मंडल के मंडल सभा कक्ष में शनिवार को मक्का व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य मक्का लोडिंग में वृद्धि करना तथा व्यापारियों से सुझाव और सहयोग प्राप्त कर माल ढुलाई को प्रोत्साहित करना था, ताकि रेल राजस्व में भी बढ़ोतरी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन ने की। अपने संबोधन में उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि मक्का लोडिंग से जुड़े सभी स्टेशनों पर बुनियादी सुविधाओं के विकास हेतु आवश्यक कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं और इन्हें जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रेलवे व्यापारियों को सुरक्षित, किफायती और समयबद्ध परिवहन सुविधा प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


बैठक के दौरान व्यापारियों ने रैक की उपलब्धता, लोडिंग प्रक्रिया को सरल बनाने, अधोसंरचना के विकास तथा बेहतर समन्वय तंत्र स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने सुझाव रखे। सभी विषयों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चा हुई और आपसी सहयोग से मक्का लोडिंग में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल अभियंता, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर, सहायक वाणिज्य प्रबंधक (सामान्य) सहित गुड्स सुपरवाइजर, डीसीआई एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।