-सीतामढ़ी में रामनवमी की धूम, पुनौरा धाम और जानकी मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
सीतामढ़ी। सर्वधीर मिश्रा।
रामनवमी के पावन अवसर पर सीतामढ़ी जिले में भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। माता सीता की जन्मस्थली माने जाने वाले पुनौरा धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज से आए भक्त भगवान श्रीराम और माता जानकी के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
रामनवमी को लेकर जानकी मंदिर सीतामढ़ी को आकर्षक फूलों से सजाया गया है। श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर दर्शन कर रहे हैं और अपनी मनोकामनाएं मांग रहे हैं।

शहर में रामनवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर थाना अध्यक्ष और यातायात इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मुस्तैद दिखा और शोभायात्रा के साथ चलता नजर आया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, रामायण काल में राजा जनक द्वारा हलेश्वर यज्ञ के उपरांत जब वे हल चलाते हुए पुनौरा धाम पहुंचे, तब धरती की गर्भ से माता सीता प्रकट हुई थीं। इस पावन स्थल को शक्तिपीठ के रूप में भी पूजा जाता है। मंदिर के महंत रामकुमार दास के अनुसार, सच्चे मन से यहां आने वाले श्रद्धालुओं की हर मनोकामना माता सीता पूर्ण करती हैं।
जनश्रुति यह भी है कि भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह के बाद जब माता जानकी की डोली जनकपुर से चली, तो पंथपाकर में विश्राम हुआ था, जो आज भी श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
रामनवमी के इस पावन अवसर पर सीतामढ़ी पूरी तरह राममय हो चुका है और हर ओर भक्ति की गूंज सुनाई दे रही है।








