Advertisement

सहयोग कार्यक्रम में 137 आवेदकों की समस्याओं का निष्पादन, मुख्यमंत्री बोले- जनता को न्याय दिलाना हमारा दायित्व

-सहयोग कार्यक्रम में 137 आवेदकों की समस्याओं का निष्पादन, मुख्यमंत्री बोले- जनता को न्याय दिलाना हमारा दायित्व

पटना, 8 सितंबर 2026(दीपक कुमार तिवारी)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम हॉल में आयोजित कार्यक्रम में राज्यभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में कुल 137 आवेदक उपस्थित हुए, जिनके मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोगों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें न्याय दिलाना सरकार का दायित्व है। सहयोग कार्यक्रम इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से शिकायतों का समयबद्ध समाधान होने से लोगों का विश्वास बढ़ा है और इस विश्वास को बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम में आवेदन करने वाले जिन लोगों की समस्याओं का समाधान हो चुका है, उन्हें पटना आने की आवश्यकता नहीं है। जिनकी समस्याएं जटिल हैं और जिला स्तर पर उनका समाधान नहीं हो पा रहा है, ऐसे आवेदक ही राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम के माध्यम से समाधान के लिए पटना आएं।

कार्यक्रम के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे आवेदकों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। राजस्व एवं भूमि सुधार, शिक्षा, गृह, ग्रामीण कार्य, स्वास्थ्य, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, समाज कल्याण समेत विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और जिलाधिकारियों को समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का निष्पादन पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि आवेदन के निष्पादन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार का उद्देश्य है कि लोगों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें संतुष्ट किया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से वृद्धा पेंशन और राशन कार्ड के पात्र आवेदकों को शीघ्र लाभ दिलाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति तकनीकी कारणों से सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि सहयोग शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान 30 दिनों के अंदर हो। जटिल मामलों के लिए राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम की व्यवस्था की गई है, जहां शिकायतों का पुनः परीक्षण कर न्यायसंगत एवं त्वरित निर्णय लिया जा सके।

कार्यक्रम में कई आवेदकों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग कार्यक्रम की सराहना की और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के मंत्री, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह एवं संजय कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक और अन्य वरीय अधिकारी भी जुड़े रहे।