-सगी मौसी से प्यार, परिजनों ने आपत्तिजनक हालत में पकड़ा; मंदिर में कराई गई शादी
वैशाली। बिहार के वैशाली जिले से रिश्तों को लेकर एक चर्चित मामला सामने आया है। भगवानपुर थाना क्षेत्र के रोहुआ गांव में एक युवक और युवती को परिजनों ने साथ देख लिया, जिसके बाद गांव में घंटों तक पंचायत जैसी स्थिति बनी रही। बताया जा रहा है कि दोनों रिश्ते में मौसी-भांजा हैं और पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध में थे।
जानकारी के अनुसार, रोहुआ गांव की ममता कुमारी और रती भगवानपुर गांव निवासी गोलू महतो एक-दूसरे को बचपन से जानते थे। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनका संबंध प्रेम प्रसंग में बदल गया। बताया जाता है कि गोलू महतो अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान युवती के पिता जगलाल महतो ने दोनों को एक कमरे में देख लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। मामले को लेकर काफी देर तक चर्चा और पंचायत हुई। ग्रामीणों ने दोनों पक्षों से बातचीत की और उनकी सहमति जानने के बाद मंदिर में विवाह कराने का निर्णय लिया।
इसके बाद स्थानीय मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दोनों की शादी करा दी गई। शादी के दौरान मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग का मामला मान रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई लोग पारिवारिक रिश्तों की मर्यादा और सामाजिक मान्यताओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में इस विवाह को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।











