-संभावित बाढ़ एवं बरसात को देखते हुए सभी तटबंधों की निगरानी एवं चौकसी बढ़ाएं : डीएम
मोतिहारी /राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरव जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने आज संयुक्त रूप से बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल मोतिहारी अंतर्गत संग्रामपुर प्रखंड के पुछरिया ग्राम में कटाव निरोधक कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित कार्यपालक अभियंता ने बताया कि चंपारण तटबंध के किलोमीटर 103 के समीप नदी भाग में बसे पुछरिया ग्राम को बचाने के लिए कटाव निरोधक कार्य कराया जा रहा है। इस एजेंडा के तहत 700 मीटर की लंबाई में बोल्डर एवं गेबियन से कार्य कराया जाना है। उन्होंने बताया कि उक्त कार्य के हो जाने से पुछरिया ग्राम पर गंडक नदी का दबाव कम हो जाएगा।

कार्यपालक अभियंता ने बताया कि तटबंध एवं संरचनाएं सुरक्षित हैं। डीएम ने बाढ़ प्रमंडलो के सभी कार्यपालक अभियंताओं को सभी बांधों की सतत निगरानी एवं चौकसी रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी ने स्थानीय ग्रामीणों से मिलकर भी फीडबैक प्राप्त किया एवं उसके आधार पर अभियंताओं को जरूरी निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी के साथ मोतिहारी नगर आयुक्त सौरभ सुमन यादव एवं अरेराज अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार भी मौजूद थे।











