Advertisement

श्रावणी मेला शुरू: DM सौरभ सुमन और SP स्वर्ण प्रभात ने किया बाबा सोमेश्वरनाथ मंदिर और मेला क्षेत्र का निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश

-श्रावणी मेला शुरू: DM सौरभ सुमन और SP स्वर्ण प्रभात ने किया बाबा सोमेश्वरनाथ मंदिर और मेला क्षेत्र का निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश

मोतिहारी, राजन द्विवेदी ।
सावन माह के पावन अवसर पर बुधवार को श्रावणी मेला का शुभारंभ होते ही प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बाबा सोमेश्वरनाथ मंदिर परिसर सहित पूरे मेला क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिंहा, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, अरेराज एसडीओ, एसडीपीओ और अनुमंडल प्रशासन के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।

-DM-SP ने दिए ये जरूरी निर्देश:

जिलाधिकारी ने कहा कि विधि-व्यवस्था पर बारीक नजर रखी जाए। किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मेडिकल कैंप सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलें, इसे सुनिश्चित किया जाए।
मेला अवधि के दौरान साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखने का निर्देश दिया। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्र से नियमित अंतराल पर मेलार्थियों को जरूरी जानकारी दी जाए। खासकर “क्या नहीं करना है” इसका प्रचार किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने स्थान पर मुस्तैद रहें और आसपास के क्षेत्र पर भी निगरानी रखें। भ्रमण के दौरान चिन्हित स्थानों पर साइनेज लगाने को कहा ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था बनी रहे।
डीएम ने कहा कि अनुमंडल के वरीय पदाधिकारी पूरे मेला अवधि में लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहेंगे।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मेला में अनुशासन बनाए रखें और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें, ताकि बाबा का दर्शन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।