-श्रावणी मेला की तैयारियों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, क्षतिग्रस्त सड़क के शीघ्र निर्माण का निर्देश
मुजफ्फरपुर। आगामी श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अधिकारियों की टीम ने गरीब स्थान मंदिर के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ऋतुराज ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मंदिर के पास क्षतिग्रस्त सड़क के निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण में एसडीओ तुषार, डीएसपी सुरेश कुमार, नगर निगम के सिटी मैनेजर, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता तथा गरीब स्थान मंदिर के प्रधान पुजारी विनय पाठक भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सड़क, बिजली, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है, ताकि मेले का आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम प्रशासन ने संयुक्त रूप से आश्वासन दिया कि कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। मेले के सफल संचालन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे तथा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी, जिससे किसी प्रकार की कमी न रहे।












