Advertisement

श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां तेज, पर्यटन सचिव ने दिए भव्य आयोजन के निर्देश

-श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां तेज, पर्यटन सचिव ने दिए भव्य आयोजन के निर्देश

पटना, 10 जून।दीपक कुमार तिवारी। बिहार सरकार के पर्यटन विभाग ने आगामी श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार को पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने विभागीय अधिकारियों एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भागलपुर, मुंगेर और बांका के जिला पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सचिव ने बताया कि इस वर्ष श्रावणी मेला का आयोजन 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाबा अजगैबीनाथ धाम, सुल्तानगंज से बिहार सीमा दुम्मा तक पूरे मेला पथ को शिवमय स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए मार्ग में भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक लाइटिंग, विशेष सजावट तथा शिव मंत्रों की ध्वनि व्यवस्था की जाएगी। साथ ही विभिन्न स्थानों पर लाइट एंड साउंड शो, फाउंटेन शो, लेजर शो और ड्रोन शो के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्रावणी मेला की महिमा से अवगत कराया जाएगा।
पर्यटन विभाग द्वारा कांवरियों की सुविधा के लिए टेंट सिटी, शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्नानघर, निर्बाध बिजली, कांवर स्टैंड, स्वास्थ्य सेवाएं और सूचना केंद्र जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस वर्ष सुल्तानगंज स्थित बाबा अजगैबीनाथ परिसर में 500 बेड की टेंट सिटी बनाई जाएगी, जबकि बांका जिले के अबरखा में 600 बेड, धौरी में 200 बेड और गोड़ियारी में 250 बेड की व्यवस्था होगी। वहीं मुंगेर जिले के खैरा और धोबई में 200-200 बेड तथा पहली बार असरगंज में 300 बेड, तारापुर और संग्रामपुर में 200-200 बेड की टेंट सिटी स्थापित की जाएगी।


सचिव ने निर्देश दिया कि सभी टेंट सिटी में स्वच्छता, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ जीविका दीदी की रसोई भी संचालित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके।
श्रावणी मेला के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र होंगे। मेला के उद्घाटन और समापन अवसर पर राष्ट्रीय स्तर के कलाकार प्रस्तुति देंगे, जबकि प्रत्येक सोमवार को राज्यस्तरीय कलाकार और अन्य दिनों में जिलास्तरीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके लिए जिला स्तर पर स्क्रीनिंग समिति गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भागलपुर में सोनपुर मेले की तर्ज पर 25 स्वीस कॉटेज का निर्माण कराया जाएगा, जिसके लिए जिला प्रशासन भूमि उपलब्ध कराएगा।
समीक्षा बैठक में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर, पर्यटन निदेशक सह विशेष सचिव उदयन मिश्रा, जीविका के सीईओ हिमांशु शर्मा, निगम के महाप्रबंधक चंदन चौहान सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।