Advertisement

शहीद भगत सिंह के शहादत दिवस पर आरवाईए का युवा अधिकार मार्च, गूंजे रोजगार के नारे

–शहीद भगत सिंह के शहादत दिवस पर आरवाईए का युवा अधिकार मार्च, गूंजे रोजगार के नारे

पूसा/समस्तीपुर, 23 मार्च 2026। शहीद-ए-आजम भगत सिंह के शहादत दिवस पर इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के बैनर तले प्रखंड क्षेत्र में युवा अधिकार मार्च निकाला गया। यह मार्च बोस कम्पनी चौक से उमा पाण्डेय महाविद्यालय तक आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-नौजवान शामिल हुए।
मार्च के दौरान युवाओं ने “भगत सिंह की क्रांतिकारी विरासत जिंदाबाद”, “रोजगार दो-रोजगार दो”, “नफरत का कारोबार बंद करो” और “देश के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” जैसे गगनभेदी नारे लगाए। युवाओं ने रोजगार, शिक्षा और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।


कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए आरवाईए के जिला सचिव रौशन कुमार ने कहा कि भगत सिंह ने पूंजीवाद और साम्राज्यवाद को मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन बताया था और वे हर प्रकार के शोषण के खिलाफ थे। उन्होंने कहा कि भगत सिंह एक समतामूलक समाज का निर्माण चाहते थे, लेकिन वर्तमान समय में उनके विचारों के विपरीत हालात देखने को मिल रहे हैं।
उन्होंने सरकार से मांग की कि भगत सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए तथा 23 मार्च को सरकारी अवकाश घोषित किया जाए। साथ ही लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए युवाओं से एकजुट होने का आह्वान किया गया।
इस मौके पर आरवाईए के गणेश कुमार, मनदीप कुमार, राजीव कुमार, सूरज कुमार, मणि कुमार, सुजीत यादव, विकास कुमार, सत्यम यादव, अंश कुमार, सुमित कुमार पाठक, दिलीप कुमार, प्रिंस कुमार, आशीष कुमार, नीतीश यादव, सौरभ कुमार, गोलू कुमार सहित दर्जनों युवा उपस्थित रहे।