Advertisement

धनबाद में रामनवमी को लेकर पुलिस अलर्ट, मॉक ड्रिल से परखी तैयारी

–धनबाद में रामनवमी को लेकर पुलिस अलर्ट, मॉक ड्रिल से परखी तैयारी

धनबाद: रामनवमी पर्व को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आ रही है। किसी भी संभावित उपद्रव या आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सोमवार को पुलिस केंद्र में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
इस मॉक ड्रिल के दौरान दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के विभिन्न पहलुओं का अभ्यास कराया गया। दंगा निरोधक टीम ने संभावित उपद्रव, हुड़दंग और अचानक उत्पन्न होने वाली भीड़ की स्थिति से निपटने का जीवंत प्रदर्शन किया।
अभ्यास के दौरान जवानों ने आंसू गैस के गोले दागने और रबर बुलेट के इस्तेमाल की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया, ताकि किसी भी विषम परिस्थिति में त्वरित नियंत्रण स्थापित किया जा सके।


इस मौके पर डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार ने जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में संयम और धैर्य बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हर कार्रवाई पुलिस मैनुअल के अनुरूप ही होनी चाहिए।
उन्होंने आपात स्थिति में तत्परता, सूझबूझ और टीमवर्क के साथ हालात पर नियंत्रण पाने पर विशेष बल दिया। साथ ही जवानों को यह निर्देश भी दिया गया कि भीड़ के बीच किसी भी व्यक्ति से अनावश्यक उलझाव से बचें और नियमों के तहत ही कार्रवाई करें।

हुड़दंगियों की पहचान पर विशेष जोर:

मॉक ड्रिल के दौरान उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया को भी विस्तार से समझाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभ्यास से जवानों की तैयारी और मजबूत होती है, जिससे त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने में मदद मिलती है।