Advertisement

शहर में दिनदहाड़े फ्लैट के बाहर से नई होंडा शाइन बाइक चोरी, CCTV में कैद हुआ संदिग्ध

-शहर में दिनदहाड़े फ्लैट के बाहर से नई होंडा शाइन बाइक चोरी, CCTV में कैद हुआ संदिग्ध

मुजफ्फरपुर। शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच गुरुवार को मझौलिया इलाके में दिनदहाड़े एक नई होंडा शाइन मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित ने सदर थाना में अज्ञात चोर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, अनय कुमार के नाम से मुजफ्फरपुर परिवहन कार्यालय में पंजीकृत नई होंडा शाइन मोटरसाइकिल सुबह करीब 10 बजे मझौलिया स्थित उनके फ्लैट के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बाइक लेकर फरार हो गया। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर संदिग्ध की तस्वीर सामने आई है।


पीड़ित का आरोप है कि मझौलिया, गोबरसही, खबरा और सदर थाना क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में सक्रिय एक संगठित गिरोह लगातार बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों से कई मोटरसाइकिलें चोरी हो चुकी हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
पीड़ित ने आम लोगों से अपील की है कि यदि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध की पहचान हो या उसके संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें, ताकि आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गई बाइक की बरामदगी हो सके।
साथ ही पीड़ित ने मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक से वाहन चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और जिले में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।