-वैशाली में दर्दनाक सड़क हादसा
-युवा अधिवक्ता की मौत
-खुशी के माहौल में छाया मातम
वैशाली। मोहन कुमार सुधांशु।
वैशाली जिले के हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर काजीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एकारा पुल के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में गोरौल निवासी युवा अधिवक्ता कौशल किशोर सिंह उर्फ पप्पू सिंह (उम्र लगभग 50 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक गोरौल थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी राम जतन सिंह के पुत्र थे।
जानकारी के अनुसार, कौशल किशोर सिंह व्यवहार न्यायालय, हाजीपुर में अधिवक्ता थे। शनिवार को जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में मतदान के लिए वह सुबह आठ बजे अपने घर से बाइक से निकले थे। लेकिन एकारा पुल के निकट एक लग्जरी गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जब मृतक का शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। चारों ओर चीत्कार मच गई। परिजन एक दूसरे को ढांढस बंधाते रहे, लेकिन हर आंख नम थी। घर से निकलते समय कौशल किशोर ने कहा था कि “वोट देकर जल्दी लौटेंगे”, परंतु आधे घंटे बाद ही उनकी मौत की मनहूस खबर आई।

“भतीजी की डोली उठी और चाचा की अर्थी”
यह हादसा और भी हृदयविदारक तब बन गया जब पता चला कि शुक्रवार रात मृतक के छोटे भाई मुकेश सिंह की पुत्री की शादी थी। घर में शहनाइयाँ बज रही थीं, खुशियों का माहौल था। शनिवार सुबह बेटी की विदाई के ठीक बाद ही चाचा कौशल किशोर सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत की खबर गांव में मातम का कारण बन गई।
85 वर्षीय वृद्ध पिता राम जतन सिंह और 80 वर्षीय मां शकुंतला देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। पुत्र की अर्थी उठते देख पिता का कलेजा फट रहा था, मां बेसुध हो बार-बार भगवान को कोस रही थी। मृतक की पत्नी शशिकला देवी भी गहरे सदमे में है, आंखों के आंसू सूख गए हैं, और वह मानो निःशब्द हो गई हैं।
मृतक अपने पीछे दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। एक ओर परिवार में शादी का उत्सव था, तो दूसरी ओर चिता की आग ने पूरे गांव को शोक में डुबा दिया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।










