-“विद्यालय चलो, देश गढ़ो” नारे के साथ लोदीपुर में नामांकन के लिए ग्राम भ्रमण
वैशाली। मोहन कुमार सुधांशु।
गोरौल प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय लोदीपुर के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने शनिवार को “विद्यालय चलो, देश गढ़ो” एवं “सब पढ़ें, सब बढ़ें” जैसे प्रेरक नारों के साथ गाँव में जनजागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए बच्चों के नामांकन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
ग्राम भ्रमण के दौरान यह टोली पोषक क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों और आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुँची। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार ने आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका से आग्रह किया कि जिन बच्चों की आयु छह वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनकी सूची तैयार कर उन्हें विद्यालय में प्रथम वर्ग में नामांकित कराया जाए।

शिक्षकों ने घर-घर जाकर अभिभावकों से संवाद किया और उन्हें अपने बच्चों को विद्यालय भेजने व नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने सरकार की विभिन्न शैक्षिक योजनाओं—जैसे मध्यान्ह भोजन योजना, निःशुल्क पुस्तक व पोशाक वितरण—की जानकारी भी दी जिससे छात्र-छात्राएं लाभान्वित होते हैं।
इस नामांकन अभियान में शिक्षक धर्मेंद्र कुमार, शिक्षिकाएं रिंकू कुमारी, ज्योति भारती, शिक्षक विपिन कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं—जैसे स्नेहा, अनुराग, श्री निधि, अनमोल, मानसी, शिवानी, सत्यम, दीपक, विद्या भारती, आदर्श, सन्नी, हिमांशु, पीयूष, तेजप्रताप, तेजस्वी आदि—सक्रिय रूप से शामिल रहे।











