Advertisement

वायरल गीतों से चमकी करीना पांडे की किस्मत, महीने की कमाई पहुंची करोड़ों में

-वायरल गीतों से चमकी करीना पांडे की किस्मत, महीने की कमाई पहुंची करोड़ों में

पटना/अनूप। भोजपुरी लोकगीतों की दुनिया में इन दिनों गायिका करीना पांडे का नाम तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। कभी ऐसा समय था जब उन्हें गाने के लिए 100 रुपये तक देने को लोग तैयार नहीं होते थे, लेकिन आज उनकी पहचान देशभर में बन चुकी है। पिछले एक वर्ष के दौरान उनके कई गीतों ने करोड़ों व्यूज हासिल कर भोजपुरी संगीत जगत में उन्हें एक अलग मुकाम दिलाया है।
करीना पांडे ने अपनी बड़ी बहन हेम पांडे के साथ मिलकर संगीत की दुनिया में संघर्ष शुरू किया था। पारंपरिक और साफ-सुथरे भोजपुरी गीतों को अपनी आवाज देने वाली करीना ने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। उनके गीत “काहे नथिए ले अइल उधार”, “छने-छने बदले तोहरे मिजाज” और “लाखों मरेले हमरा पर” जैसे कई गाने सोशल मीडिया और यूट्यूब पर खूब पसंद किए गए हैं।


इन गीतों की लोकप्रियता का असर उनकी पेशेवर जिंदगी पर भी पड़ा है। आज देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित होने वाले स्टेज शो में करीना पांडे की भारी मांग है। जानकारी के अनुसार, एकल प्रस्तुति के लिए वह डेढ़ लाख से दो लाख रुपये तक का पारिश्रमिक लेती हैं। लगातार बढ़ती लोकप्रियता के कारण उनकी मासिक आय भी करोड़ों रुपये तक पहुंचने की चर्चा है।
करीना पांडे का मानना है कि भोजपुरी संगीत में अश्लीलता के बिना भी सफलता हासिल की जा सकती है। वह कहती हैं कि अच्छे, पारंपरिक और पारिवारिक गीतों को भी दर्शक भरपूर प्यार देते हैं। उन्होंने बताया कि कभी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी कि लोकधुनों और पारंपरिक भोजपुरी गीतों को गाकर वह इतनी बड़ी पहचान बना लेंगी।
करीना अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर, अपने परिवार और दर्शकों के प्यार को देती हैं। उनका कहना है कि दर्शकों के समर्थन और आशीर्वाद ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। भोजपुरी संगीत जगत में उनकी बढ़ती लोकप्रियता यह साबित कर रही है कि गुणवत्ता और सादगी से भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।