Advertisement

वंदे मातरम के सामूहिक गायन से गूंजा भागलपुर, 21 स्थानों पर हुआ आयोजन

-वंदे मातरम के सामूहिक गायन से गूंजा भागलपुर, 21 स्थानों पर हुआ आयोजन

भागलपुर। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के निर्देशानुसार वंदे मातरम के 150वें वर्ष के अवसर पर शुक्रवार को ‘नमामि भारतम् वंदे मातरम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल भागलपुर के छात्रों एवं आचार्यों ने विद्यालय परिसर समेत शहर के विभिन्न 21 स्थानों पर सामूहिक वंदे मातरम का गायन किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, खेल संयोजक राकेश कुमार पांडेय एवं उपाध्यक्ष डॉ. मधुसूदन झा सहित विद्यालय के आचार्य, छात्र, अभिभावक, सामाजिक कार्यकर्ता और अतिथि शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, विभिन्न स्थानों पर करीब 14 हजार लोगों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया।


कार्यक्रम के दौरान निर्धारित समय पर देशभर में एक साथ और एक स्वर में वंदे मातरम का गायन किया गया। आयोजकों ने इसे एक अनूठी पहल बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य-बंधु एवं भगिनी, कर्मचारी, अभिभावक और छात्र विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम में सहभागी बने। मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा सहित अन्य लोग भी मौके पर उपस्थित रहे।