Advertisement

लोक अदालत का संदेश लेकर निकले 10 प्रचार रथ, ट्रैफिक चालान पर 50% तक छूट

-लोक अदालत का संदेश लेकर निकले 10 प्रचार रथ, ट्रैफिक चालान पर 50% तक छूट

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) ने बुधवार को 10 से अधिक प्रचार रथ रवाना किए।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष अभिषेक कुमार दास ने सुबह 10 बजे व्यवहार न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रथों को रवाना किया। इस दौरान सीजेएम पुनीत कुमार तिवारी, विशेष न्यायाधीश कमलेश चंद्र मिश्रा, एडीजे राज विजय सिंह, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश इसरार अहमद सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे। सेंट्रल बैंक के एलडीएम के.एम. सिंह समेत विभिन्न बैंकों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

डालसा सचिव नितिन त्रिपाठी ने बताया कि ये प्रचार रथ जिले के गांव-गांव जाकर लोगों को लोक अदालत के फायदों के बारे में जागरूक करेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार यातायात चालान से जुड़े मामलों में 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है।

उन्होंने अपील की कि लोग अपने लंबित मामलों को सालों तक खिंचने के बजाय लोक अदालत में आपसी सहमति से निपटाएं। ट्रैफिक चालान वाले लोग इस छूट का लाभ उठाकर अपना चालान जमा कर सकते हैं। लोक अदालत में बैंक ऋण, चेक बाउंस, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा सहित सभी सुलहनीय मामलों का निस्तारण किया जाएगा।