-लाभुकों को आवास की चाबी, द्वितीय किस्त का स्वीकृति पत्र और जॉब कार्ड वितरित
मुजफ्फरपुर। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने गुरुवार को जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं आवासीय योजनाओं के लाभुकों के बीच योजनाओं का लाभ वितरित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास पूर्ण करने वाले लाभुकों को नवनिर्मित पक्के मकान की चाबी सौंपी गई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के सात लाभुकों को द्वितीय किस्त के भुगतान से संबंधित स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में VB-G RAM-G योजना के तहत 10 लाभुकों को जॉब कार्ड भी वितरित किए गए। इसके अलावा पांच लाभुकों के बीच भूमि का पर्चा वितरित किया गया। भूमि पर्चा मिलने से लाभुकों को आवास निर्माण सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद और वंचित परिवारों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाए।
उन्होंने कहा कि पक्का आवास, रोजगार, भूमि और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाएं लोगों के जीवन में स्थायित्व एवं आत्मनिर्भरता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने आवास निर्माण से संबंधित योजनाओं की नियमित निगरानी करने और लाभुकों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही जॉब कार्ड एवं भूमि पर्चा प्राप्त करने वाले लाभुकों को संबंधित सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें समुचित लाभ दिलाने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा।
कार्यक्रम में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। लाभुकों ने योजना का लाभ मिलने पर सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।












