-राजापाकर में आंधी-तूफान का कहर: पेड़ गिरने से तीन घर तबाह, परिवार खुले आसमान के नीचे
राजापाकर (वैशाली)। सोमवार की शाम आए भीषण आंधी-तूफान ने प्रखंड क्षेत्र में भारी तबाही मचाई और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। कई जगहों पर पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग के कर्मी देर रात तक मरम्मत कार्य में जुटे रहे।
सबसे अधिक नुकसान नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत के वार्ड संख्या 8 स्थित महादलित टोला में हुआ, जहां शाम करीब 5 बजे तेज आंधी के दौरान एक विशाल बरगद का पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से पिंटू माझी, सोनेलाल माझी और राकेश माझी के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

पिंटू माझी की गुमटी और आवास दोनों बुरी तरह तबाह हो गए, जिससे उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ। उनकी दो बकरियां भी पेड़ के नीचे दबकर मर गईं। सोनेलाल माझी का एल्बेस्टरनुमा घर पूरी तरह टूटकर बिखर गया, जबकि राकेश माझी की झोपड़ी पेड़ के नीचे दब गई। तीनों परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
घटना में महादलित समाज की धनिया देवी घायल हो गईं, जिनका हाथ फ्रैक्चर हो गया है। घरों में रखा अनाज, बर्तन और फर्नीचर भी नष्ट हो गया, जिससे पीड़ित परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मुखिया बेबी देवी, मुखिया प्रतिनिधि अमरेश कुमार सिंह, राजेश कुमार तथा समाजसेवी विश्वनाथ पंडित मौके पर पहुंचे और पीड़ितों का हालचाल लिया। उन्होंने आपदा कोष से सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द राहत एवं पुनर्वास की मांग की है, ताकि प्रभावित परिवारों को इस संकट की घड़ी में सहारा मिल सके।












