-राजाडि पुल पर भीषण सड़क हादसा, दो युवक गंभीर; संकरी पुलिया और अतिक्रमण पर उठे सवाल
कटरा (मुजफ्फरपुर)। मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-527सी पर स्थित राजाडि पुल पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल कटरा थाना क्षेत्र के दरगाह गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल कटरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया। अस्पताल में दोनों का इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि राजाडि पुल की चौड़ाई काफी कम होने के कारण यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों के अनुसार इस पुल पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। ग्रामीणों ने पुल के चौड़ीकरण की मांग करते हुए जिला प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की अपील की है।
ग्रामीणों ने दरगाह चौक पर अतिक्रमण को भी हादसों की बड़ी वजह बताया। उनका कहना है कि एनएच-527सी के किनारे सड़क पर दुकानें लगाई जाती हैं। इसके अलावा मछली बाजार, टेंपो स्टैंड और अन्य अस्थायी दुकानों के कारण सड़क संकरी हो जाती है, जिससे अक्सर जाम और दुर्घटनाएं होती हैं। दरगाह चौक से सोनपुर-सिसवारा जाने वाली सड़क पर भी अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित रहता है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से राजाडि पुल के चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाने और नियमित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।












