Advertisement

राघोपुर में शराबियों को गिरफ्तार करने गई पुलिस की टीम पर हमला, थानाध्यक्ष समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल

-राघोपुर में शराबियों को गिरफ्तार करने गई पुलिस की टीम पर हमला, थानाध्यक्ष समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल

 

राघोपुर (वैशाली)। संवाददाता।

जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पश्चिमी गांव में नशा की हालत में हंगामा कर रहे लोगों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर लोगों ने हमला कर दिया जिसमें जुड़ावनपुर थाना अध्यक्ष समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

सभी घायल पुलिस कर्मी को इलाज के लिए आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर फतेहपुर लाया गया। जहां डॉक्टर के द्वारा सभी पुलिस कर्मियों का इलाज किया गया।

पुलिस ने दो बदमाशों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए बदमाश स्थानीय रणवीर सिंह के 21 वर्षीय अभिक कुमार एवं रणधीर सिंह के पुत्र 28 वर्षीय अमित कुमार बताया गया।

वहीं स्थानीय लोगों के हमले में जुड़ावनपुर थाना अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, एस आई जया कुमारी,सैप के जवान समशोन बाडला, राजमोहन पासवान, चालक शिवकुमार एवं सिपाही राकेश कुमार घायल हो गया। इस मामले में पुलिस ने दो नामजद समेत 8 से 10 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

घटना के संबंध में बताया गया कि डायल 112 के जिला बल के सिपाही राकेश कुमार को सूचना मिली कि राघोपुर पूर्वी गांव में नशे की अवस्था में एक व्यक्ति गाली गलौज और मारपीट कर रहा है और चाकू लेकर दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला करने की कोशिश कर रहा है।

सूचना मिलते ही सिपाही राकेश कुमार डायल 112 के चालक शिवकुमार के साथ सूचक के द्वारा बताए गए स्थान राजेश्वर चौक राघोपुर पश्चिमी पहुंचे तो देखा कि करीब 10 से 12 लोग आपस में गाली गलौज कर रहे हैं। पुलिस वाहन को देखते ही सभी ने एकजुट होकर हम दोनों को गाली देते हुए हम पर हमला कर दिया और लाठी-डंडे से मारने लगे। 8 से 10 बदमाश भागने में कामयाब रहे।
इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को पकड़कर घर में बंद करने का प्रयास करने लगे। हालांकि, पुलिसकर्मी किसी तरह वहां से जान बचाकर निकले। इसके बाद थाना अध्यक्ष प्रतिनियुक्ति बल के साथ डायल 112 की गाड़ी के साथ राजेश्वर चौक राघोपुर पश्चिमी पहुंचे। फिर उनपर भी लोगों ने हमला कर दिया।

जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में लड़ रहे थे
इस संबंध में थाना अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि राघोपुर पश्चिम गांव में दो पक्ष जमीनी विवाद को लेकर आपस में लड़ रहे थे। घटना की सूचना पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची जिस पर 8 से 10 अज्ञात लोगों ने पुलिस के साथ मारपीट किया। मौके पर पहुंचकर दो व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।