-रविदास समाज उत्थान समिति द्वारा छात्र प्रोत्साहन सम्मान समारोह, मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
राजापाकर (वैशाली)। प्रखंड क्षेत्र के भलुई पंचायत स्थित अल्लीपुर गांव के रविदास चौक परिसर में रविदास समाज उत्थान समिति, वैशाली की प्रखंड इकाई के तत्वावधान में भव्य छात्र प्रोत्साहन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करना और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष बिजली राम ने की, जबकि मंच संचालन संयोजक सह प्रोफेसर अकल राम ने किया। समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि शिवचंद्र राम (पूर्व विधायक सह मंत्री) एवं विशिष्ट अतिथि महेंद्र राम, एडीएम वैशाली रामदुलार राम सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें बिरेंद्र राम और राजेश राम ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। इसके बाद अतिथियों का बुके और अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर एडीएम रामदुलार राम ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज के उत्थान का सबसे मजबूत आधार है। वहीं विधायक महेंद्र राम ने अपने संबोधन में भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके सपनों को साकार करने का एकमात्र रास्ता शिक्षा है। उन्होंने इस तरह के आयोजन के लिए समिति की सराहना की और समाज के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
समारोह में रविदास समाज के मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-10 छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र और संविधान की पुस्तक देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित छात्रों में सत्यम भारती, कृतिका कुमारी, खुशबू कुमारी, प्रशांत कुमार, शिल्पा सुमन, शिवानी, अमित, रितिक, सुमित, काजल सहित अन्य शामिल रहे।
कार्यक्रम में समिति के सदस्य नंदलाल राम, अजय कुमार, संजीत कुमार, जगजीवन राम, राम प्रवेश राम, सुशीला देवी, अकल राम, हरिहर दास, विजय दास, वीरेंद्र राम, श्याम बाबू राम, सुमित कुमार, जोगेंद्र राम, रणबीर कुमार राम सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।









