-रवि सिंह-अंकित सिंह स्मृति शतरंज प्रतियोगिता संपन्न, राजकुमार और एफएच सिद्दीकी बने विजेता
मोतिहारी, राजन द्विवेदी। शहर के मजुरहा वार्ड नंबर-32 में नेशनल स्पोर्ट्स सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित रवि सिंह-अंकित सिंह स्मृति शतरंज प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जूनियर वर्ग में राजकुमार ने प्रथम स्थान हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि कार्तिक वोहरा उपविजेता रहे। वहीं सीनियर वर्ग में एफएच सिद्दीकी विजेता बने। दीपक कश्यप ने दूसरा और रमेश पासवान ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। संजय मिश्रा और एमडी ताजुद्दीन संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहे। शेर मोहम्मद को सर्वश्रेष्ठ बुजुर्ग खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन अधिवक्ता शंभू शरण सिंह और रमेश कुमार उर्फ भोला जी ने किया। समापन समारोह में एएसआई रवि कुमार एवं नगर थाना के पूर्व प्रभारी विजय कुमार राय ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मोमेंटो एवं मेडल देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन अधिवक्ता पंकज कुमार मजुरहा ने किया। मौके पर तलवारबाजी संघ के सचिव शिवनाथ कुमार, शुभम कुमार, पवन कुमार, शिवम कुमार सहित कई खेलप्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी नेशनल स्पोर्ट्स अकादमी के सचिव दीपक कश्यप ने दी।












