यूपी का साइबर बदमाश ठगी करते गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।
पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर ठगी करने वाले यूपी के साथी साइबर बदमाश को गिरफ्तार किया है। इसके पास से 18हज़ार रुपए, डेबिट कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार बदमाश की पहचान पवन कुमार सिंह के रूप में की गई है। इस मामले को लेकर साइबर डीएसपी सीमा डागर ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर बदमाश के सीएसपी संचालकों से ठगी करने की शिकायत मिल रहे थे। शिकायतों में साइबर बदमाश द्वारा सीएसपी दुकान पर जाकर किसी और के खाते पर पैसा भिजवाकर संचालक को नकद पैसा दिए बगैर भाग जाने की बात सामने आई थी। इस तरह की घटना सामने आने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक टीम का गठन किया गया।

टीम में जहां से शिकायतें प्राप्त हो रही थी, संबंधित थाना अध्यक्ष को शामिल किया गया। गठित टीम ने मानवीय और तकनीकी बिंदु पर लगातार काम किया। इसी क्रम में शनिवार को बदमाश की पीयर थाना क्षेत्र में होने की एक इनपुट मिली। टीम ने कार्रवाई करते हुए पवन कुमार सिंह को ठगी करते हुए रंगे हाथ नकद 18000 रुपए, ठगी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य सामानों के साथ गिरफ्तार किया है। इसके ग्रुप में शामिल अन्य सदस्य की जानकारी जुटाई जा रही है।अभी तक जिले में तीन सीएसपी संचालक के साथ साइबर ठगी हुई है।












