Advertisement

युवा शक्ति का कमाल: “झोले से बैग तक” पहल ने बच्चों के सपनों को दी नई उड़ान

-युवा शक्ति का कमाल: “झोले से बैग तक” पहल ने बच्चों के सपनों को दी नई उड़ान

मोरवा।संसाधनों की कमी जहां अक्सर बच्चों की पढ़ाई में बाधा बनती है, वहीं सामाजिक संस्था द उम्मीद ने एक प्रेरणादायक पहल कर सैकड़ों नन्हें सपनों को नई दिशा देने का काम किया है। संस्था द्वारा “मिशन शिक्षा दान” के तहत द उम्मीद पाठशाला, मोरवा में अध्ययनरत बच्चों के बीच स्कूल बैग वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलकता नजर आया।
इस पहल की खास बात यह रही कि संस्था का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के पूर्व कैडेट्स द्वारा किया जा रहा है, जो कम उम्र में ही समाज सेवा की मिसाल पेश कर रहे हैं।

कार्यक्रम का नेतृत्व द उम्मीद मोरवा के को-ऑर्डिनेटर शिवम ने किया। इस मौके पर संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष ने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ बच्चों को जरूरी शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि कई बच्चे अब भी अपनी किताबें झोले में लेकर स्कूल आते थे, ऐसे में स्कूल बैग मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और पढ़ाई के प्रति उनका लगाव भी मजबूत होगा।
इस सराहनीय पहल को सफल बनाने में कानपुर (उत्तर प्रदेश) की उषा अनुराधा (शिव शक्ति) का विशेष योगदान रहा, जिनके सहयोग से यह अभियान संभव हो सका।
को-ऑर्डिनेटर शिवम ने बताया कि संस्था सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार रचनात्मक गतिविधियों के जरिए वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास कर रही है।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत दिशा बताया।