-मोदी मिमेंटो म्यूजियम में 62 स्मृति चिन्हों की प्रदर्शनी, जन्मदिन पर बांटी मिठाइयां
मोतिहारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और 25 वर्षों के संकल्प दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को मोदी मिमेंटो म्यूजियम में विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। म्यूजियम के संस्थापक, भाजपा युवा नेता एवं उद्योगपति यमुना सिकरिया की ओर से आयोजित प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्राप्त 62 स्मृति चिन्हों के साथ उनसे जुड़ी तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। इस अवसर पर मिठाइयां भी बांटी गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपमेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद, भाजपा किसान मंच के पूर्व अध्यक्ष अखिलेश सिंह, जदयू महासचिव दीपक पटेल, अधिवक्ता अमरनाथ प्रसाद, प्राचार्या प्रीती दूबे और यमुना सिकरिया ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

यमुना सिकरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया में भारतीयों को गर्व के साथ अपनी भारतीय पहचान बताने का सम्मान दिलाया है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के उत्थान और भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेने की जरूरत है। इसी उद्देश्य से मोदी मिमेंटो म्यूजियम की स्थापना की गई है, ताकि युवा उनके व्यक्तित्व से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।
उपमेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य के लिए दीप जलाने की अपील की। वहीं अखिलेश सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक शक्तिशाली देश के रूप में उभरा है।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन सिकरिया फार्मेसी कॉलेज की प्राचार्या प्रीती दूबे ने किया।












