-मोतिहारी के आसमान में दिखेगा तिरंगे का जलवा, 25 सितंबर को सूर्यकिरण टीम करेगी भव्य एयर शो
मोतिहारी, राजन द्विवेदी। पूर्वी चंपारण के इतिहास में पहली बार भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम मोतिहारी के आसमान में रोमांचक हवाई करतब दिखाएगी। 25 सितंबर 2026 को गांधी मैदान के ऊपर सूर्यकिरण टीम के नौ हॉक विमान एक साथ उड़ान भरकर विभिन्न एरोबैटिक मैन्युवर का प्रदर्शन करेंगे। एयर शो को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह है।
प्रशिक्षण सत्र के सफल समापन के बाद सूर्यकिरण टीम नई संरचना के साथ देश के विभिन्न शहरों में प्रदर्शन कर रही है। टीम में लाल-सफेद रंग के नौ हॉक एमके-132 विमान शामिल हैं, जिन्हें हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने निर्मित किया है। प्रदर्शन के दौरान पायलट लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और प्रसिद्ध डीएनए मैन्युवर समेत कई रोमांचक करतब दिखाएंगे। खास बात यह होगी कि कुछ करतबों के दौरान विमानों के बीच की दूरी पांच मीटर से भी कम रहती है।
विमानों में स्वदेशी स्मोक पॉड लगाए गए हैं, जिनसे केसरिया, सफेद और हरे रंग का धुआं निकलकर आसमान में तिरंगे का स्वरूप बनाएगा। वर्ष 1996 में गठित सूर्यकिरण टीम को एशिया की प्रमुख नौ-विमान वाली एरोबैटिक टीमों में गिना जाता है। टीम भारत के अलावा कई देशों में प्रदर्शन कर चुकी है।

वर्तमान में टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अजय दसरथी कर रहे हैं। टीम के मेडिकल ऑफिसर फ्लाइट लेफ्टिनेंट आदर्श चौधरी बिहार के रहने वाले हैं। एयर शो युवाओं के लिए भारतीय वायुसेना में करियर बनाने की प्रेरणा का भी माध्यम बनेगा।
सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 22 से 26 सितंबर तक मोतिहारी शहर और गांधी मैदान के आसपास के क्षेत्र को अस्थायी रेड जोन/नो-ड्रोन फ्लाई जोन घोषित किया है। 25 सितंबर को होने वाले इस एयर शो को लेकर शहरवासियों को आसमान में रोमांचक और यादगार नजारा देखने का इंतजार है।












