-मुजफ्फरपुर में सनसनी: घर में घुसकर रिटायर्ड बैंक कर्मी और पत्नी की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
मुजफ्फरपुर। जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार को अपराधियों ने एक दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया। बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर रिटायर्ड बैंक कर्मी अशोक कुमार और उनकी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपराधी सुनियोजित तरीके से घर में दाखिल हुए। सबसे पहले उन्होंने ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद अशोक कुमार को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बदमाश घर की छत पर पहुंचे और उनकी पत्नी को भी गोली मार दी। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम को जांच में लगाया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं, जिनमें आपसी रंजिश, लूटपाट का विरोध, संपत्ति विवाद तथा अन्य कारण शामिल हैं, को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।











