Advertisement

मुजफ्फरपुर में मंदिर चोरी की वारदातों से हड़कंप, एक हफ्ते में तीसरी घटना; ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस पर उठे सवाल

-मुजफ्फरपुर में मंदिर चोरी की वारदातों से हड़कंप, एक हफ्ते में तीसरी घटना; ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस पर उठे सवाल

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक बार फिर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने आस्था और सुरक्षा व्यवस्था दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सदर थाना और कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र में मंदिरों को निशाना बनाए जाने से लोगों में भारी नाराजगी है। महज एक सप्ताह के भीतर मंदिर में चोरी की यह तीसरी घटना है, जिससे पूरे इलाके में तनाव और गुस्से का माहौल बन गया है।
ताजा मामला पथही स्थित बाबा भद्रेश्वर नाथ मंदिर का है, जहां देर रात चोरों ने धावा बोलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि चोर वाहन से पहुंचे, मंदिर परिसर में घुसे और वारदात के बाद आसानी से फरार हो गए। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें संदिग्ध गतिविधियां साफ देखी जा सकती हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे पुलिस गश्ती को खुली चुनौती दे रहे हैं। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का कहना है कि धार्मिक स्थलों को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। इससे लोगों की आस्था को गहरी ठेस पहुंच रही है।


ग्रामीणों ने सुझाव दिया है कि यदि प्रशासन सीसीटीवी और ट्रैफिक कैमरों की फुटेज की गंभीरता से जांच करे, तो चोरों की गाड़ी और उनके रूट का पता लगाकर पूरे गिरोह तक पहुंचा जा सकता है।
इधर, जिले के औराई थाना क्षेत्र में भी अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। यहां लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने लोगों में दहशत फैला दी है। प्रयागचक गांव में हाल ही में लाखों की चोरी हुई, इसके बाद दो अलग-अलग जगहों पर गेहूं की फसल चोरी और एक व्यक्ति पर चाकू से हमला होने की घटना सामने आई। इन घटनाओं से साफ है कि अब चोरी की वारदातें हिंसक रूप भी लेने लगी हैं।
वहीं मधुबन बेसी गांव में गुरुवार देर रात चोरों ने पूर्व पंचायत समिति सदस्य उमेश कुमार के घर में सेंधमारी कर लाखों के जेवरात और करीब 3 लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। बताया जाता है कि पीड़ित का बेटा सीएसपी संचालक है, जो दिनभर की कमाई घर लाया था। रात में परिवार के सोने के दौरान चोरों ने घटना को अंजाम दिया और नकदी के साथ जरूरी दस्तावेज भी ले गए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कर रही है, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं ने लोगों के मन में बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—क्या सिर्फ जांच से काम चलेगा या मंदिरों और आम लोगों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस और सख्त कदम भी उठाए जाएंगे?