-मुजफ्फरपुर में बड़ी पुलिस कार्रवाई: कच्ची-पक्की ओपी प्रभारी लाइन हाजिर, कुमारी पुष्पा को मिली नई जिम्मेदारी
मुजफ्फरपुर। अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन और प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही को लेकर मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कच्ची-पक्की ओपी प्रभारी अरविंद कुमार को उनके पद से हटाकर लाइन हाजिर करते हुए पुलिस केंद्र, मुजफ्फरपुर भेज दिया गया है। वहीं, पारू थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक कुमारी पुष्पा को कच्ची-पक्की ओपी का नया प्रभारी बनाया गया है।
एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार कच्ची-पक्की ओपी के कार्यों और अपराध नियंत्रण की समीक्षा के दौरान अरविंद कुमार का कार्य निष्पादन संतोषजनक नहीं पाया गया। समीक्षा में यह भी सामने आया कि उन्होंने अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के समयबद्ध निष्पादन, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों के निर्वहन में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई।

जांच में यह भी पाया गया कि जिला स्तर से समय-समय पर जारी निर्देशों के अनुपालन में भी शिथिलता बरती गई। इसे प्रशासनिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही मानते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार किया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (तिरहुत क्षेत्र) चंदन कुमार कुशवाहा के अनुमोदन के बाद अरविंद कुमार को कच्ची-पक्की ओपी के प्रभारी पद से हटाकर पुलिस केंद्र, मुजफ्फरपुर में योगदान देने का आदेश जारी किया गया।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण, अनुसंधान और विधि-व्यवस्था के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बेहतर पुलिसिंग और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












