-मुजफ्फरपुर में प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली, शादी से लौटते वक्त हमला — गर्दन में फंसी गोली, हालत स्थिर
मुजफ्फरपुर:बिहार के मुजफ्फरपुर में देर रात एक सनसनीखेज गोलीकांड सामने आया है। अहियापुर थाना क्षेत्र के अयाची ग्राम रोड नंबर पांच पर प्रॉपर्टी डीलर को उस वक्त गोली मार दी गई, जब वह शादी समारोह से भोज खाकर लौट रहे थे। हमले में गोली उनके कंधे के पास से होते हुए गर्दन में जा फंसी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और देखा कि एक व्यक्ति खून से लथपथ सड़क पर पड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों ने तुरंत अहियापुर थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल की पहचान 36 वर्षीय अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं। परिजनों के मुताबिक, वह एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे और लौटते वक्त उन पर हमला किया गया।
à
बताया जा रहा है कि गोली मारने वाला आरोपी उसी मोहल्ले का रहने वाला राजीव सिंह उर्फ फौजी है, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा मौके पर पहुंचीं और जांच-पड़ताल की। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके।
वहीं, अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि घायल की स्थिति में सुधार हो रहा है और ऑपरेशन के जरिए गोली निकालने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी गई है।











