-मुजफ्फरपुर में नशे में डायल 112 चालक ने तीन लोगों को मारी टक्कर, एक की हालत नाजुक
मुजफ्फरपुर। जिले के व्यस्त रामदयालुनगर इलाके में सोमवार को एक तेज रफ्तार डायल 112 पुलिस आपातकालीन वाहन ने सड़क किनारे जा रहे तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए डायल 112 वाहन को घेर लिया और चालक को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक नशे की हालत में था और वह ठीक से बोलने तथा खड़े होने की स्थिति में भी नहीं था। इससे मौके पर मौजूद लोगों में काफी आक्रोश फैल गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराया। इसके बाद चालक को हिरासत में लेकर पुलिस अपने साथ ले गई।

हादसे में घायल तीनों लोगों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक घायल की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने चालक की मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया शुरू की है। दुर्घटनाग्रस्त डायल 112 वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
आपातकालीन सेवा के लिए तैनात वाहन के चालक पर नशे में वाहन चलाने के आरोप को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जिस वाहन से जरूरतमंदों को तत्काल सहायता पहुंचाई जानी है, उसके चालक का कथित तौर पर नशे में वाहन चलाना बेहद गंभीर लापरवाही है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर चालक के खिलाफ आगे की कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।












