-मुजफ्फरपुर में धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, रथ की रस्सी खींचने को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
मुजफ्फरपुर। शहर के नयाटोला स्थित पर्णकुटी से गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं, शामिल हुईं और पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा।

रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं में रथ की रस्सी पकड़कर रथ खींचने की विशेष उत्सुकता देखने को मिली। रस्सी पकड़ने के लिए भक्तों के बीच होड़ लगी रही। मान्यता है कि भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है, इसलिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस पुण्य अवसर का हिस्सा बने।
रथयात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने भी जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया, जिससे पूरा शहर भक्तिमय रंग में रंग गया।













