-मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े ₹1.33 लाख की लूट, बिस्कुट एजेंसी संचालक को हथियार के बल पर बनाया निशाना
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। रविवार दोपहर मनियारी थाना क्षेत्र के काजीइंडा गांछी के पास चार हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बिस्कुट एजेंसी संचालक से ₹1 लाख 33 हजार की लूट की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित कारोबारी की पहचान सकरा थाना क्षेत्र के सुस्ता निवासी भूषण झा के रूप में हुई है। वह विभिन्न दुकानों से बिस्कुट की सप्लाई का साप्ताहिक बकाया कलेक्शन कर महंत मनियारी से काजीइंडा चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें घेर लिया।

बताया जाता है कि अपराधियों ने हथियार दिखाकर भूषण झा को अपने कब्जे में ले लिया और कलेक्शन की ₹1.33 लाख की राशि से भरा झोला छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही मनियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
मामले में एसडीपीओ वेस्ट-2 अनिमेश चंद्रा ज्ञानी ने बताया कि बिस्कुट डिस्ट्रीब्यूटर से ₹1 लाख 33 हजार की लूट की सूचना मिली है। मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है।












