-मुजफ्फरपुर में अग्निशमन सेवा सप्ताह का दूसरा दिन: प्रभात फेरी निकाल लोगों को किया गया जागरूक
मुजफ्फरपुर:अग्निशमालय मुजफ्फरपुर में अग्निशमन सेवा सप्ताह के द्वितीय दिवस पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला अग्निशमन पदाधिकारी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मियों एवं छात्राओं ने मिलकर लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में जिला अग्निशमन पदाधिकारी, सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी, अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सहित अन्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही। साथ ही महिला शिल्प कला की छात्राओं ने भी इस अभियान में हिस्सा लेकर जागरूकता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग किया।

इस दौरान एक प्रभात फेरी निकाली गई, जो अग्निशमालय परिसर से शुरू होकर बनारस बैंक चौक, टॉवर चौक, गांधी चौक, बाबा गरीब नाथ मंदिर, साहू पोखर, पुरानी बाजार सब्जी मंडी होते हुए पुनः अग्निशमालय पहुंची। रैली के दौरान लोगों को अग्नि सुरक्षा के उपायों के बारे में जानकारी दी गई और पंपलेट का वितरण किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन सेवा सप्ताह का उद्देश्य आम लोगों को आग से बचाव, सतर्कता और आपात स्थिति में सही कदम उठाने के प्रति जागरूक करना है। इस तरह के कार्यक्रमों से समाज में सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ती है और संभावित हादसों को टालने में मदद मिलती है।












