Advertisement

मुजफ्फरपुर में AI से युवती का फर्जी अश्लील वीडियो बनाकर किया वायरल, शादी टूटी

-मुजफ्फरपुर में AI से युवती का फर्जी अश्लील वीडियो बनाकर किया वायरल, शादी टूटी

मुजफ्फरपुर। जिले के बेला थाना क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डिजिटल तकनीक के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। एक युवती की तस्वीरों को एडिट कर कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगा है। आरोप है कि फर्जी वीडियो और चैटिंग के स्क्रीनशॉट युवती के रिश्तेदारों और मंगेतर के परिवार को भी भेजे गए। इसके कारण युवती का तय रिश्ता टूट गया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार सदमे में है। युवती के पिता की शिकायत पर बेला थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, वर्ष 2023 में पीजी की पढ़ाई के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर युवती की तस्वीरें और वीडियो हासिल किए थे। बाद में आधुनिक डिजिटल टूल्स और एआई की मदद से तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार की गई। आरोप है कि फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर युवती की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया और आपत्तिजनक चैटिंग के स्क्रीनशॉट भी प्रसारित किए गए।


आरोपियों ने कथित तौर पर इस फर्जी सामग्री को सोशल मीडिया पर वायरल करने के साथ युवती के परिजनों, रिश्तेदारों और मंगेतर के परिवार के व्हाट्सएप नंबरों पर भी भेजा। इसके बाद मंगेतर के परिवार ने शादी करने से इनकार कर दिया। शादी टूटने और सामाजिक बदनामी से परेशान युवती के पिता ने पुलिस से शिकायत की।
इस मामले में साहेबगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले चार सगे भाई-बहनों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने आईटी एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। साइबर सेल की मदद से सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल नंबर और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में आरोपों की पुष्टि और दोषियों का निर्धारण जांच के बाद ही हो सकेगा।