Advertisement

मुजफ्फरपुर: आतिशबाजी रोकने पहुंची पुलिस से धक्का-मुक्की, एक हिरासत में, जांच तेज

-मुजफ्फरपुर: आतिशबाजी रोकने पहुंची पुलिस से धक्का-मुक्की, एक हिरासत में, जांच तेज

मुजफ्फरपुर। जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के फुलवरिया चौक पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बन गई, जब सड़क पर हो रही आतिशबाजी को रोकने पहुंची पुलिस टीम का कुछ लोगों ने विरोध कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी धक्का-मुक्की में बदल गई, जिससे मौके पर हंगामे का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहेबगंज विधायक को मिली रिहाई के बाद उनके समर्थक सड़क पर आतिशबाजी कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से सार्वजनिक सड़क पर आतिशबाजी बंद करने को कहा। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।


घटना की सूचना मिलते ही आसपास के कई थानों की पुलिस फुलवरिया चौक पहुंच गई। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया। कुछ समय तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा, लेकिन बाद में हालात सामान्य हो गए।
सरैया के एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की घटना हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके विरुद्ध भी विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।