Advertisement

मुख्यमंत्री ने 315 नव नियुक्त उद्यान पदाधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

-मुख्यमंत्री ने 315 नव नियुक्त उद्यान पदाधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

-कृषि विकास की कई योजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास

पटना। ब्यूरो।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को मीठापुर स्थित कृषि भवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में 315 नवनियुक्त प्रखंड उद्यान पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही उन्होंने राज्य में कृषि विभाग की कई महत्त्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण और शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बागवानी योजनाओं के तहत नियुक्त किए गए इन उद्यान पदाधिकारियों को किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने की जिम्मेदारी सौंपी।

आरा में कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय का शिलान्यास:

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से 144.72 करोड़ रुपये की लागत से भोजपुर के आरा में कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस महाविद्यालय से हर वर्ष 60 छात्रों को बीटेक (एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग) की पढ़ाई का अवसर मिलेगा।

62 अनुमंडल कृषि भवनों का शिलान्यास:

मुख्यमंत्री ने 55.26 करोड़ रुपये की लागत से राज्य के विभिन्न अनुमंडलों में बनने वाले 62 कृषि भवनों का भी शिलान्यास किया। इन भवनों से किसानों को एक ही छत के नीचे सभी कृषि सेवाएं और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध होगी।

‘बिहार कृषि’ ऐप और खरीफ महाभियान-2025 का शुभारंभ:

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ‘बिहार कृषि’ मोबाइल ऐप का भी लोकार्पण किया, जिससे किसान खेती से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारी मोबाइल पर ही प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही उन्होंने खरीफ महाभियान-2025 की शुरुआत करते हुए 20 प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आधुनिक एलईडी प्रचार वाहन भी शामिल किए गए, जो किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

सौर ऊर्जा और हरित परिसर की दिशा में पहल:

मुख्यमंत्री ने कृषि भवन परिसर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को भवन की छत पर सौर पैनल लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने परिसर को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने की भी बात कही। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उपस्थित गणमान्य:

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, पूर्व कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह सहित कई वरीय अधिकारी व नव नियुक्त उद्यान पदाधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा — “हमने चार कृषि रोड मैप तैयार किए हैं, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि हुई है। हमारा लक्ष्य है कि राज्य में कृषि का सतत विकास हो और किसान समृद्ध बनें।”