-मुक्तिधाम में जली शिक्षा की लौ: केंद्रीय मंत्री ने बच्चों को पढ़ाकर पेश की मिसाल
मुजफ्फरपुर।जहां आमतौर पर लोग जाने से कतराते हैं, उस मुक्तिधाम में आज शिक्षा की ऐसी अलख जगी कि हर कोई प्रेरित हो उठा। सिकंदरपुर मुक्तिधाम से सामने आई इस अनोखी तस्वीर ने न सिर्फ लोगों को चौंकाया, बल्कि समाज को एक मजबूत संदेश भी दिया।
मुक्तिधाम परिसर में सुमित कुमार द्वारा संचालित “अप्पन पाठशाला” गरीब और जरूरतमंद बच्चों के लिए मुफ्त शिक्षा का जरिया बनी हुई है। इसी पाठशाला में केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी निषाद पहुंचे और बच्चों के बीच शिक्षक की भूमिका निभाते नजर आए।
अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर मंत्री ने 7वीं, 8वीं और 10वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को गणित और भौतिक विज्ञान जैसे कठिन विषय बेहद आसान अंदाज में पढ़ाए। उन्होंने छात्रों से संवाद किया, सवाल पूछे और उन्हें विषय को समझने के लिए प्रेरित किया। मंत्री का यह रूप बच्चों के साथ-साथ वहां मौजूद लोगों के लिए भी खास बन गया।
पेशे से डॉक्टर रहे डॉ. निषाद ने अपने पुराने शिक्षक अंदाज में जब पढ़ाना शुरू किया, तो बच्चे मंत्रमुग्ध होकर सीखने में जुट गए। इस दौरान उन्होंने बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री का भी वितरण किया।

मंत्री ने “अप्पन पाठशाला” के संस्थापक सुमित कुमार की सराहना करते हुए कहा कि मुक्तिधाम जैसे स्थान पर शिक्षा का दीप जलाना साहस और सेवा का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने संस्थान की होनहार छात्राओं माही कुमारी और निशा कुमारी की भी प्रशंसा की, जिन्होंने 10वीं परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
साथ ही, मंत्री ने इस पाठशाला को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद सुखद और प्रेरणादायक रहा।
सिकंदरपुर मुक्तिधाम में चल रही यह पहल अब यह संदेश दे रही है कि शिक्षा के लिए न जगह मायने रखती है और न ही परिस्थितियां—जरूरी है तो सिर्फ सीखने और सिखाने का जज्बा। मंत्री का यह मानवीय चेहरा राजनीति से इतर समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता को भी उजागर करता है।











