Advertisement

माटी-पूर्वांचल महोत्सव में पूर्वांचल की विभूतियां सम्मानित, सीएम ने कहा- नई पीढ़ी तक पहुंचाएं गौरवशाली विरासत

-माटी-पूर्वांचल महोत्सव में पूर्वांचल की विभूतियां सम्मानित, सीएम ने कहा- नई पीढ़ी तक पहुंचाएं गौरवशाली विरासत

पटना, 19 सितंबर(दीपक/शालिनी)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को ऊर्जा ऑडिटोरियम में माटी संस्था की ओर से आयोजित 9वें माटी-पूर्वांचल महोत्सव में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पूर्वांचल की कला, संस्कृति, साहित्य, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने माटी संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महोत्सव के माध्यम से बिहार के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल बिहार और उत्तर प्रदेश की साझा सांस्कृतिक विरासत है। दोनों राज्यों की बड़ी आबादी और मानवीय संसाधन देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों राज्य मिलकर विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
सम्राट चौधरी ने बिहार की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में बज्जिका, मगही, मैथिली, भोजपुरी और अंगिका जैसी भाषाएं बोली जाती हैं। बिहार की धरती भगवान महावीर की कर्मभूमि, भगवान बुद्ध के ज्ञान प्राप्ति से जुड़ी भूमि और गुरु गोविंद सिंह की जन्मभूमि रही है। उन्होंने नालंदा की प्राचीन शिक्षा परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार की ज्ञान और संस्कृति की समृद्ध परंपरा का प्रमाण उसके गौरवशाली इतिहास में मिलता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में भी लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि ढाई हजार सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति की गई है। 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों में आधुनिक शिक्षा व्यवस्था विकसित करने के साथ लाइव क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप की शुरुआत की गई है।
उन्होंने कहा कि माटी महोत्सव के जरिए अपनी संस्कृति, इतिहास और विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का काम होना चाहिए। “माटी का फर्ज निभाना होगा, माटी का कर्ज लौटाना होगा, इस पर हम सबको सोचना होगा।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयास की बात कही।
महोत्सव में लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी, पूर्व क्रिकेटर सय्यद सबा करीम, ‘आज तक’ की सीनियर मैनेजिंग एडिटर श्वेता सिंह, बैंक ऑफ बड़ौदा के एमडी ब्रजेश कुमार सिंह, पटना हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अरुण कुमार सिंह, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजीव रंजन, देहात संस्था के संस्थापक एवं सीईओ शशांक कुमार तथा भारतीय फुटबॉल टीम की कोच एवं उप कप्तान मधु कुमारी को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम में कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, सांसद एवं माटी संस्था के संरक्षक जगदम्बिका पाल, माटी संस्था के संयोजक आसिफ आजमी, दानिश इकबाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया।