-महिला आरक्षण आधी आबादी की भागीदारी की दिशा में ऐतिहासिक पहल : नीता शर्मा
मोतिहारी , राजन द्विवेदी।
33 प्रतिशत महिला आरक्षण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीता शर्मा के आवास पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
जिलाध्यक्ष नीता शर्मा ने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं कि उन्होंने महिला आरक्षण के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को नया आयाम देने की दिशा में ऐतिहासिक काम किया है।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का वास्तविक अर्थ केवल महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें परिवार, समाज, अर्थव्यवस्था और राजनीति के प्रत्येक स्तर पर निर्णय लेने का अधिकार एवं नेतृत्व के समान अवसर उपलब्ध कराना है। महिलाओं को विकास की प्रक्रिया में सहभागी बनाने के साथ-साथ विकास का नेतृत्वकर्ता बनाना समय की आवश्यकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2023 में पारित 106वां संविधान संशोधन, जिसे नारी शक्ति वंदन अधिनियम के रूप में जाना जाता है, भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक संवैधानिक पहल है। यह केवल राजनीतिक आरक्षण का विषय नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को नीति निर्माण और राष्ट्र के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में उचित प्रतिनिधित्व देने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की संसद और विधानसभाओं में बढ़ती भागीदारी से लोकतंत्र अधिक समावेशी और संवेदनशील बनेगा। इससे सार्वजनिक नीतियों में समाज के विविध अनुभवों और दृष्टिकोणों को स्थान मिलेगा तथा सामाजिक उत्तरदायित्व को मजबूती मिलेगी। महिला नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों की बेटियों के लिए भी नए अवसर, आत्मविश्वास और प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त करेगा।
महिला आरक्षण के माध्यम से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ग्रामीण एवं वंचित वर्गों की महिलाओं को भी नेतृत्व के अवसर प्राप्त होंगे। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रीय सहमति और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।
यह भी आवश्यक है कि समाज महिलाओं की नेतृत्व क्षमता पर विश्वास करे और उन्हें केवल अपवाद के रूप में नहीं, बल्कि सामान्य लोकतांत्रिक व्यवस्था के स्वाभाविक नेतृत्वकर्ता के रूप में स्वीकार करे। बेटियों को अवसर, महिलाओं को सम्मान और नेतृत्व के लिए समान मंच उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब देश की नारी केवल विकास की लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की भागीदार और नेतृत्वकर्ता बनेगी। नारी का सम्मान भारतीय संस्कृति का संस्कार है और नारी का नेतृत्व विकसित भारत का आधार है।
मौके पर महामंत्री उषा गुप्ता एवं रंजना श्रीवास्तव, जिला मंत्री पुतुल प्रिया, निशा कुमारी, जुगनू सिंह, वर्तिका शर्मा, बबिता देवी उपस्थित थीं।












