Advertisement

महमदपुर हादसा: मृतकों का शव गांव पहुंचते हीं मचा चीत्कार,इलाका मर्माहत

-मृतकों का शव पहुंचते हीं मचा चीत्कार,इलाका मर्माहत

मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक कुमार तिवारी।

सकरा थाना क्षेत्र के महमदपुर में बालू लादे डंफर और यात्री सवार ऑटो की भिड़ंत में मरे प्रखंड के रतवारा निवासी ऑटो चालक मो. नशीम (45) तथा यात्री मजदूर सुनील सहनी (38) की मौत की घटना एवं क्षेत्र के विभिन्न गांवों के करीब आधा दर्जन यात्रियों के हादसे में जख्मी होने की खबर के बाद इलाके के संबंधित परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के मृतक मो. नसीम और सुनील सहनी का शव पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद दोपहर बाद गांव पहुंचते ही स्वजनों में चित्कार मच गई ।परिजन लगातार विलाप कर रहे थे। सुंदरपुर रतवारा पंचायत के मुखिया रेखा देवी के प्रतिनिधि मधुकर प्रसाद ने बताया कि सुनील सहनी दैनिक मजदूरी करने शहर जा रहा था, वही मो. नशीम दैनिक रूप से ऑटो चलाने का काम करता था। दोनों शहर जाने के दौरान हादसे का शिकार हो गए।

वही इस हादसे में उनके (रतवारा मुखिया) के मौसेरे भाई पटसारा के किशुन महतो एवं उनके पुत्र तथा रतवारा के दिलीप महतो, मेघन गोस्वामी सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों के तकरीबन आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। मुखिया ने बताया कि इस घटनाक्रम से गांव एवं इलाका स्तब्ध है। दोनों के घर का चिराग बुझ गया। घटनाक्रम के बाद जख्मीयों में खौफ का असर देखा जा रहा था। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव का दाह संस्कार करा दिया गया।